कुछ ही दिनों में पितृ पक्ष आने वाला है जिसमें लोग अपने पितृ की पूजा-अर्चना करके उनको प्रसन्न करने का हर संभव प्रयास करते है सद्गुरूनाथ जी महाराज ने पितृपक्ष के पहले लोगों को पितृ पक्ष के बारे में विशेष जानकारी दी है जिससे कि लोग सही तरीके से पितृ पूजा का अर्थ समझ सकें और पितृपक्ष में सही विधि-विधान से पूजा कर अपने जीवन का कल्याण कर सकें। एकैकस्य तिलैर्मिश्रांस्त्रींस्त्रीन् दद्याज्जलाज्जलीन। यावज्जीवकृतं पापं तत्क्षणादेव नश्यति। अर्थात जो अपने पितरों को तिलमिश्रित जल से तीन-तीन अंजलियां जल की प्रदान करता है, उसके जन्म से तर्पण के दिन तक के पापों का नाश हो जाता है।
हमारे हिंदू धर्म दर्शन के अनुसार जिस प्रकार जिसका जन्म हुआ है, उसकी मृत्यु भी निश्चित है उसी प्रकार जिसकी मृत्यु हुई है उसका जन्म भी निश्चित है। ऐसे कुछ विरले ही होते हैं जिन्हंे मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है। पितृपक्ष में तीन पीढ़ियों तक के पिता पक्ष के तथा तीन पीढियों़ तक के माता पक्ष के पूर्वजों के लिए तर्पण किया जाता है। इन्हीं को पितर कहते हैं। दिव्य पितृ तर्पण, देव तर्पण, ऋषि तर्पण और दिव्य मनुष्य तर्पण के पश्चात ही स्व पितृ तर्पण किया जाता है। भाद्रपद पूर्णिमा से आश्विन कृष्णपक्ष अमावस्या तक के सोलह दिनों को पितृपक्ष कहते हैं। जिस तिथि को माता-पिता का देहांत होता है, उसी तिथि को पितृपक्ष में उनका श्राद्ध किया जाता है।
शास्त्रों के अनुसार पितृपक्ष में अपने पितरों के निमित्त जो अपनी शक्ति सामर्थ्य के अनुरूप शास्त्र विधि से श्रद्धापूर्वक श्राद्ध करता है, उसके सकल मनोरथ सिद्ध होते हैं और घर, परिवार, व्यवसाय तथा आजीविका में हमेशा उन्नति होती है। पितृ दोष के अनेक कारण होते हैं। परिवार में किसी की अकाल मृत्यु होने से, अपने माता-पिता आदि सम्माननीय जनों का अपमान करने से, मरने के बाद माता-पिता का उचित ढंग से क्रियाकर्म और श्राद्ध न करने से, उनके निमित्त वार्षिक श्राद्ध आदि न करने से पितरों का दोष लगता है। इसके फलस्वरूप परिवार में अशांति, वंश वृद्धि में रुकावट, आकस्मिक बीमारी, संकट, धन में बरकत न होना, सारी सुख सुविधाएं होते हुए भी मन असंतुष्ट रहना आदि पितृ दोष हो सकते हैं।
यदि परिवार के किसी सदस्य की अकाल मृत्यु हुई हो, तो पितृ दोष के निवारण के लिए शास्त्रीय विधि के अनुसार उसकी आत्म शांति के लिए किसी पवित्र तीर्थ स्थान पर श्राद्ध करवाएं। अपने माता-पिता तथा अन्य ज्येष्ठ जनों का अपमान न करें। प्रतिवर्ष पितृपक्ष में अपने पूर्वजों का श्राद्ध, तर्पण अवश्य करें। यदि इन सभी क्रियाओं को करने के पश्चात पितृ दोष से मुक्ति न होती हो तो ऐसी स्थिति में किसी सुयोग्य कर्मनिष्ठ विद्वान ब्राह्मण से श्रीमद् भागवत् पुराण की कथा करवाएं। वैसे श्रीमद भागवत पुराण की कथा कोई भी श्रद्धालु पुरुष अपने पितरों की आत्म शांति के लिए करवा सकता है। इससे विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।

No comments:
Post a Comment